96 लाख के विकास पैकेज से जसरोटा को बड़ी सौगात-विधायक जसरोटिया ने रखी कई परियोजनाओं की आधारशिला
कठुआ, 09 जुलाई (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने गुरुवार को 96 लाख से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी, स्कूल के नए बुनियादी ढांचे का उद्घाटन किया और बधोली में जन दरबार आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम के तहत विधायक ने चिलख वेस्ट, बधोली रोड से मोहल्ला बारबर तक बनने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क का शिलान्यास किया जिसकी अनुमानित लागत 58 लाख है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, यात्रा समय कम होगा और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।
इसके अलावा बधोली से किरमिची को जोड़ने वाली 20 लाख की लागत वाली सड़क परियोजना की भी आधारशिला रखी गई। यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और हर मौसम में सुगम यातायात सुनिश्चित करेगी जिससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक जसरोटिया ने गली स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में 18.02 लाख की लागत से बने नए बुनियादी ढांचे का उद्घाटन भी किया। स्कूल में आधुनिक कक्षाओं सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा। इस मौके पर विधायक ने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा ही समृद्ध और आत्मनिर्भर जम्मू-कश्मीर की नींव है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें जहां विकास को गति देती हैं वहीं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है। बाद में बधोली में आयोजित जन दरबार में विभिन्न पंचायतों से आए लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेंशन और राजस्व से जुड़े मुद्दे उठाए। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

