एसएसपी कठुआ की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी में लिप्त पुलिसकर्मी बर्खास्त
कठुआ, 04 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को सख्ती से लागू करते हुए कठुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा ने नशा तस्करी मामले में संलिप्त चयन ग्रेड कांस्टेबल आफताब अहमद को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ थाना बिलावर में दर्ज एफआईआर संख्या 55/2026, धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम द्वारा नाका चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया था जिसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई थी। गंभीर कदाचार और अनुशासनहीनता को देखते हुए आरोपी को 8 अप्रैल 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई जिसकी जिम्मेदारी एसपी ऑप्स अपर कठुआ को सौंपी गई। जांच अधिकारी ने 27 जुलाई 2026 को अपनी रिपोर्ट में आरोपों को सिद्ध पाया और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सेवा से बर्खास्तगी की सिफारिश की।
रिपोर्ट के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस नियम 335 के तहत एसएसपी कठुआ ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया। एसएसपी मोहिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि है तथा नशे जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई अन्य पुलिसकर्मियों के लिए कड़ा संदेश है कि ऐसे मामलों में सख्ती से निपटा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

