कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई-35 ग्राम चिट्टा बरामद, नकदी व 35 मोबाइल फोन जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई-35 ग्राम चिट्टा बरामद, नकदी व 35 मोबाइल फोन जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार


कठुआ, 03 मई (हि.स.)। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत कठुआ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 35.04 ग्राम चिट्टा, 75,940 नकद, 35 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार विश्वसनीय सूचना मिली थी कि अमनदीप सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी वार्ड नंबर 08 कठुआ अपने घर से युवाओं को नशा सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस स्टेशन कठुआ में एफआईआर नंबर 225/2026 धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के घर पर छापा मारा गया जहां से 11.35 ग्राम और 23.69 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) अलग-अलग पैकेटों में बरामद हुई। कुल मिलाकर 35.04 ग्राम नशीला पदार्थ मौके से जब्त किया गया। इसके अलावा तलाशी के दौरान 35 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन और 120 पारदर्शी पॉली पाउच भी बरामद किए गए, जो नशे के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस अब इस नेटवर्क के सोर्स और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हुई है। कठुआ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशे से जुड़े किसी भी तरह की गतिविधि की सूचना 112 या 9858034100 नम्बर पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story