कठुआ पुलिस का बड़ा एक्शन, 250 लीटर लाहन नष्ट
कठुआ, 20 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए टांडा और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर लगभग 250 लीटर लाहन नष्ट किया।
जानकारी के अनुसार पुजिस पोस्ट चडवाल (थाना राजबाग) की पुलिस टीम ने उच्च अधिकारियों की निगरानी में टांडा व आसपास के इलाकों में रेड की। इस दौरान अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 250 लीटर लाहन बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही देसी शराब बनाने में प्रयुक्त भट्टियां और उपकरण भी तोड़ दिए गए। एसएसपी कठुआ ने बताया कि जिले में नशे और अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

