रावी दरिया में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलैंड व डंपर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
रावी दरिया में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलैंड व डंपर जब्त


कठुआ, 07 मई (हि.स.)। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। डीएमओ कठुआ के नेतृत्व में टीम ने रावी नदी क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही एक भारी मशीन (पोकलैंड) और एक डंपर को जब्त किया।

यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के निर्देशों पर की गई जिन्होंने प्रदेश में अवैध खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जम्मू-कश्मीर में खनन गतिविधियों के लिए भारी पोकलैंड मशीनों के उपयोग पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर अवैध खनन किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीनरी को कब्जे में लिया और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जरूरी पहल बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story