रिश्वतखोरी पर एसीबी का बड़ा वार-महानपुर का पटवारी 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कठुआ, 16 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवार हल्का महानपुर (कठुआ) के पटवारी खजान चंद को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी पर म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार इस संबंध में थाना एसीबी जम्मू में एफआईआर संख्या 05/2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पटवारी खजान चंद ने उसकी बहन के पक्ष में म्यूटेशन दर्ज करने के बाद संबंधित दस्तावेज देने के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। बताया गया कि शिकायतकर्ता पहले ही 9,000 रुपये आरोपी को दे चुका था जबकि शेष राशि के रूप में 11,000 रुपये की मांग की जा रही थी। बाद में यह सौदा 10,000 रुपये पर तय हुआ। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था इसलिए उसने एसीबी से संपर्क कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गुप्त जांच की जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। एसीबी टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। इसके अलावा आरोपी के आवास पर भी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और इस प्रकरण में अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

