कठुआ की तीन अहम सड़कों की बदलेगी सूरत, एक करोड़ रुपये से शुरू हुआ मैकडमाइजेशन कार्य

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ की तीन अहम सड़कों की बदलेगी सूरत, एक करोड़ रुपये से शुरू हुआ मैकडमाइजेशन कार्य


कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने वीरवार को करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़कों के मैकडमाइजेशन कार्य का शुभारंभ किया। इन कार्यों से जहां शहरवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने सबसे पहले सरकारी डिग्री कॉलेज कठुआ से शहीदी चौक तक सड़क के मैकडमाइजेशन कार्य की शुरुआत की जिस पर 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद उन्होंने ठाकुर धर्म सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन से बेड़ियां पत्तन तक सड़क का कार्य शुरू करवाया जिस पर 28 लाख रुपये की लागत आएगी। यह मार्ग परलीवंड क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है और नगर परिषद के वार्ड नंबर 10 व 11 सहित 20 हजार से अधिक आबादी की आवाजाही का प्रमुख साधन है। इस सड़क से भागथली, एमआरएफ स्थल और कीड़ियां गंडयाल की ओर जाने वाले किसानों एवं अन्य लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

इसके अतिरिक्त विधायक ने पीएमजीएसवाई के तहत मुठी जगीर से डडोली तक सड़क के मैकडमाइजेशन कार्य का भी शुभारंभ किया जिस पर 32 लाख रुपये खर्च होंगे। इस दौरान पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारी, युवा नेता अमित, शास्त्री आकाश खजूरिया, मंडल अध्यक्ष रवि अंडोत्रा, जिला सचिव विनोद कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779765 Articles

Share this story