कटरा स्टेशन पर बिछड़ी बच्ची को सुरक्षित माता-पिता से मिलाया गया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 30 जून (हि.स.)।

जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों की मदद कर मिसाल पेश की। पहली घटना में ट्रेन संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मू तवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री का चोरी हुआ सूटकेस तत्परता से खोजकर उसे वापस दिलाया गया जबकि दूसरी घटना में श्री माता वैष्णोदेवी कटरा रेलवे स्टेशन पर अपने माता-पिता से बिछड़ी एक मासूम बच्ची को सुरक्षित उनके परिवार से मिला दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार हीरानगर स्टेशन पर यात्री द्वारा सूटकेस गायब होने की सूचना देने पर टिकट चेकिंग स्टाफ ने हैंड हेल्ड टर्मिनल के माध्यम से संबंधित परिवार से संपर्क किया जिसके पास गलती से सूटकेस चला गया था। बाद में यात्री को पठानकोट ले जाकर उसका सामान सुरक्षित वापस दिलाया गया।

वहीं कटरा रेलवे स्टेशन पर रोती हुई मिली बच्ची को टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त प्रयासों से कुछ ही मिनटों में उसके माता-पिता से मिला दिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू, उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल में यात्री सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कर्मचारी हर परिस्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखने और आवश्यकता पड़ने पर रेल हेल्पलाइन 139 रेल मदद ऐप या निकटतम रेलवे कर्मचारी से संपर्क करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story