डिजिटल प्लेटफॉर्म से स्थानीय उत्पादों को मिलेगी व्यापक बाजार तक पहुंच-डीसी
कठुआ, 25 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा जिला प्रशासन कठुआ के सहयोग से स्थानीय उद्यमियों, एमएसएमई, कारीगरों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और संभावित निर्यातकों के लिए निर्यात जागरूकता कार्यशाला, ई-कॉमर्स ऑनबोर्डिंग ड्राइव तथा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर जागरूकता सत्र आयोजित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने उद्यमियों से अपने उत्पादों को जिले से बाहर व्यापक बाजार तक पहुंचाने के लिए सरकारी योजनाओं, संस्थागत सहयोग और डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने वोकल फॉर लोकल पहल के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। जीएम डीआईसी कठुआ मुश्ताक अहमद चैधरी ने स्थानीय उद्यमों के लिए उपलब्ध सहायता एवं अवसरों की जानकारी दी। तकनीकी सत्रों में ईसीजीसी के उल्लास कुमार ने निर्यात ऋण व जोखिम प्रबंधन, जबकि ईएक्सआईएम बैंक के वरिंदर मोंगिया ने निर्यात वित्त संबंधी जानकारी दी। एफआईईओ के गौरव गुप्ता ने ऑनलाइन सत्र के माध्यम से भारत-ईयू एफटीए के तहत निर्यात अवसरों पर प्रकाश डाला। मिशन युवा के करियर काउंसलिंग अधिकारी सुरजीत कुमार ने उद्यमिता के अवसरों, जेम के सार्थक खोड़ा ने सरकारी खरीद एवं विक्रेता ऑनबोर्डिंग तथा फ्लिपकार्ट के आदिल जावेद खान ने ई-कॉमर्स के माध्यम से डिजिटल बाजार तक पहुंच की जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों के निर्यात, वित्त और बाजार तक पहुंच से जुड़े सवालों का भी समाधान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

