हिंदी दिवस पर जीडीसी महानपुर में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
हिंदी दिवस पर जीडीसी महानपुर में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम


महानपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर में सोमवार को हिंदी दिवस उत्साह और साहित्यिक रंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा के महत्व, उसके ऐतिहासिक विकास तथा समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को उजागर करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन ने दीप प्रज्वलित कर की। विद्यार्थियों ने रंगोली, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। पांचवें सेमेस्टर की छात्राओं ने कबीर के दोहों की सुंदर प्रस्तुति दी जबकि तीसरे सेमेस्टर की छात्रा साक्षी ने हिंदी दिवस के महत्व पर विचार रखे। हिंदी विभाग की सहायक प्रोफेसर एवं कार्यक्रम की आयोजक डॉ. सपना देवी ने हिंदी भाषा के इतिहास और विकास पर जानकारी साझा की।

उन्होंने हिंदी साहित्य के विभिन्न कालखंडों और प्रमुख साहित्यकारों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने हिंदी को समर्पित अपनी स्वरचित कविता भी प्रस्तुत की। प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन ने विद्यार्थियों और आयोजन टीम को बधाई देते हुए हिंदी के प्रति गौरव की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में तीसरे सेमेस्टर की छात्रा सोनिका ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story