जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, संवेदनशील स्थानों पर भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 03 अगस्त (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दिनों में जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है साथ ही संवेदनशील स्थानों पर भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी भी दी है।

पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 अगस्त को कई स्थानों पर विशेष रूप से दोपहर, शाम और सुबह के शुरुआती घंटों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश, तीव्र बौछारें और मूसलाधार बारिश की भी आशंका है। 5 से 7 अगस्त तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जबकि कुछ स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र भारी बौछारें भी पड़ सकती हैं।

8 से 10 अगस्त के बीच मौसम में थोड़ा सुधार होने की उम्मीद है हालांकि छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है और कुछ स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र बौछारें भी पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने अपनी सलाह में 3 और 4 अगस्त को जम्मू डिवीजन के कुछ जिलों में भारी बारिश और कुछ समय के लिए तीव्र बौछारों की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों में संवेदनशील क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश और तीव्र बौछारों से अचानक बाढ़ और भूस्खलन हो सकता है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने और आधिकारिक मौसम अपडेट का पालन करने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story