उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस को दी खुली छूट, तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस को दी खुली छूट, तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश


कठुआ, 13 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत कठुआ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। पदयात्रा से पहले कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में अपने संबोधन में उन्होंने जम्मू कश्मीर पुलिस को नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ “खुली छूट” देते हुए सख्त कार्रवाई करने को कहा।

उपराज्यपाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में नशे का प्रसार हो रहा है, वहां के हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाएं और नशा तस्करों की विस्तृत सूची तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे तस्करों पर कड़ी नजर रखी जाए, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनकी संपत्तियों को कुर्क कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग नशे के अवैध व्यापार के जरिए फल-फूल रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में यह भी स्पष्ट किया कि नशे की चपेट में आए युवाओं को अपराधी नहीं, बल्कि पीड़ित के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने ‘करुणामय पुनर्वास’ को इस अभियान का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि नशे के आदी लोगों को अपराधी नहीं, बल्कि पीड़ित के रूप में देखा जाना चाहिए, जिन्हें उपचार, सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उपराज्यपाल ने पुलिस और प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं और जम्मू-कश्मीर के युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story