मनोज सिन्हा ने स्कीम्स सौरा में घायल अमरनाथ यात्रियों से मुलाक़ात की
श्रीनगर, 28 जुलाई (हि.स.)।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को स्कीम्स सौरा का दौरा किया और गंदरबल ज़िले में बस दुर्घटना में घायल हुए अमरनाथ यात्रियों की सेहत का हाल जाना।
उपराज्यपाल ने घायल यात्रियों और उनके साथ आए लोगों से बातचीत की, उनकी हालत के बारे में पूछा और उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
उन्होंने घायलों के इलाज का भी जायज़ा लिया और अस्पताल प्रशासन व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यात्रियों को बेहतरीन मेडिकल सुविधाएँ दें और हर ज़रूरी मदद पहुँचाएँ।
उपराज्यपाल के साथ कश्मीर के डिविज़नल कमिश्नर अंशुल गर्ग, श्रीनगर के डिप्टी कमिश्नर अक्षय लाब्रू, कश्मीर के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस वी.के. बिरदी और अन्य वरिष्ठ सिविल व पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह मध्य कश्मीर के गंदरबल ज़िले में गुंड के पास अमरनाथ यात्रियों से भरी बस सड़क से फिसलकर पलट गई, जिससे कम से कम 40 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल कंगन ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए स्कीमा सौरा रेफर कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

