बड़े सपने देखो, कड़ी मेहनत करो और देश की सेवा करो : एलजी सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज सैनिक स्कूल नागरोटा में नवनिर्मित बहुउपयोगी इनडोर खेल मैदान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कैडेटों, शिक्षकों और विशिष्ट अतिथियों को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने युवा पीढ़ी पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

उपराज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र अपने युवाओं को भावी सैनिकों, सिविल सेवकों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों, स्वास्थ्यकर्मियों और राष्ट्र निर्माताओं के रूप में देखता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे चाहे जो भी क्षेत्र चुनें, सफलता चरित्र, अनुशासन, कड़ी मेहनत और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता जैसे मूल्यों पर निर्भर करती है। उन्होंने राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सशस्त्र बलों के वीर कर्मियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

नई सुविधा के महत्व को रेखांकित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि इनडोर खेल मैदान युवाओं की आकांक्षाओं में राष्ट्र के विश्वास का प्रतीक है। यह खेल मैदान पूरे वर्ष निर्बाध प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करेगा और कैडेटों को मौसम की परवाह किए बिना बैडमिंटन, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस जैसे खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रशासन और कोचिंग स्टाफ से इस सुविधा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उपराज्यपाल ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहायता के माध्यम से इस खेल मैदान की स्थापना के लिए आईसीआईसीआई फाउंडेशन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण एक सामूहिक जिम्मेदारी है जिसमें सरकार, शैक्षणिक संस्थान, उद्योग, समाज और नागरिक शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साझेदारियों से शैक्षणिक संस्थानों, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के दूरदराज के क्षेत्रों में लाभ होगा। सैनिक विद्यालयों की स्थापना के पीछे की सोच को याद करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि इन संस्थानों ने नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता और सशस्त्र बलों के प्रति प्रतिबद्धता को पोषित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कैडेटों से अपने आचरण, कड़ी मेहनत और उपलब्धियों के माध्यम से इस विरासत को कायम रखने का आग्रह किया। चरित्र निर्माण में खेलों की भूमिका पर जोर देते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि खेल टीम वर्क, लचीलापन, अनुशासन, विनम्रता और नेतृत्व को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कैडेटों को केवल पदक जीतने पर ही नहीं, बल्कि निरंतर आत्म-सुधार पर भी ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत की बढ़ती उपलब्धियों और खेलो इंडिया जैसी पहलों का जिक्र करते हुए उपराज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि उपस्थित कैडेटों में से कुछ एक दिन ओलंपिक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। हमारी सैन्य परंपरा में खेल और शारीरिक प्रशिक्षण को हमेशा विशेष महत्व दिया गया है। इसका कारण स्पष्ट है। एक सैनिक से केवल शारीरिक शक्ति की अपेक्षा नहीं की जाती। उससे विपरीत परिस्थितियों में शांत रहने, त्वरित निर्णय लेने, अपने साथियों पर भरोसा करने और कठिनाइयों का डटकर सामना करने की भी अपेक्षा की जाती है। और मेरा मानना है कि ये सभी गुण खेल के मैदान में विकसित होते हैं।

लेफ्टिनेंट गवर्नर ने कैडेटों से पांच मार्गदर्शक सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया - बड़े सपने देखना, ईमानदारी से कड़ी मेहनत करना, टीम वर्क और खेल भावना को अपनाना, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना और सैन्य वर्दी को हमेशा सेवा और बलिदान के प्रतीक के रूप में देखना।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story