उपराज्यपाल सिन्हा ने नगरोटा के पंजग्रेन स्थित स्वामी प्रणवानंद विद्यामंदिर के नए विद्यालय भवन का किया उद्घाटन
जम्मू 23 अप्रैल (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को नगरोटा के पंजग्रेन स्थित स्वामी प्रणवानंद विद्यामंदिर के नए विद्यालय भवन का उद्घाटन किया। उपराज्यपाल ने कहा कि नए उच्च माध्यमिक भवन में कौशल विकास के बुनियादी ढांचे से वंचित छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी।
इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि सामाजिक-सांस्कृतिक और परोपकारी संस्था भारत सेवाश्रम संघ ने 2014 में 'हर घर शिक्षा' के अंतर्गत यहां प्राथमिक से लेकर कक्षा 8 तक की शिक्षा शुरू की थी। आधे से अधिक छात्र गरीब परिवारों से है। भवन की सभी मंजिलें पूरी हो जाने पर यह 1,500 से अधिक छात्रों को सेवा प्रदान करेगा और हजारों जिंदगियों को बदल देगा। 100 लड़कों के लिए भविष्य में आवासीय सुविधाओं के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, पिछड़े क्षेत्रों का विकास होगा और समाज नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा।
उपराज्यपाल ने छात्रों और शिक्षकों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और आज के बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप कक्षाओं को ढालने का आह्वान किया, ताकि भारत को विश्व की अग्रणी ज्ञान अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि हमें छात्रों में सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करना चाहिए, क्योंकि विविधता में एकता ही वैश्विक समाज की पहचान है। स्पष्ट अभिव्यक्ति के लिए संचार कौशल को बढ़ावा देना चाहिए ताकि नई पीढ़ी जीवन को बेहतर बना सके, लोकतांत्रिक मूल्यों को कायम रख सके और समृद्ध जम्मू-कश्मीर के लिए सहयोग को बढ़ावा दे सके।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

