सीमावर्ती क्षेत्र में 220 लोगों की आंखों की सर्जरी, उपराज्यपाल ने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज को सराहा
श्रीनगर, 26 सितंबर (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज की सराहना की। उन्होंने तंगधार के कराह इलाके में ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत बड़े नेत्र सर्जिकल शिविर के सफल आयोजन और इसमें 220 लोगों की आंखों की सर्जरी किए जाने को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया।
उपराज्यपाल ने कहा कि दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्र में भूमिगत ऑपरेशन थिएटर के भीतर 220 लोगों की दृष्टि बहाल करना शानदार उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व वाली मेडिकल टीम ने दूरदराज के सीमावर्ती इलाकों में बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाकर ‘ऑपरेशन सद्भावना’ की भावना को प्रदर्शित किया है।
मनोज सिन्हा ने मेडिकल टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गम इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचने से स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूर के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि सीमावर्ती गांवों तक उन्नत नेत्र सर्जरी की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इनमें फैकोइमल्सीफिकेशन, रेटिना और ग्लूकोमा से संबंधित प्रक्रियाएं शामिल हैं। इस पहल से दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर नेत्र उपचार उपलब्ध हो रहा है और यह सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है कि कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं से पीछे न छूटे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

