सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी युवाओं की जिंदगी तबाह कर रही है और साथ ही आतंकवाद को वित्त पोषित कर रही है :उपराज्यपाल सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी युवाओं की जिंदगी तबाह कर रही है और साथ ही आतंकवाद को वित्त पोषित कर रही है :उपराज्यपाल सिन्हा


पुंछ, 07 जून (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा आज पुंछ में 'नशामुक्त जम्मू-कश्मीर' अभियान और पदयात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर बोलते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि पदयात्रा ने केंद्र शासित प्रदेश के सभी 20 जिलों को कवर किया है और उद्देश्य स्पष्ट है - जम्मू-कश्मीर की धरती को नशीले पदार्थों के प्रकोप से मुक्त करना और नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद को खत्म करना। सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी युवाओं की जिंदगी तबाह कर रही है और साथ ही आतंकवाद को वित्त पोषित कर रही है

उन्होंने कहा कि आज पुंछ से जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने की लड़ाई और तेज हो रही है। अगले 43 दिनों तक हर नागरिक, पंचायत और वार्ड को एकजुट होकर नशीले पदार्थों के तस्करों और दलालों को निशाना बनाना होगा, जागरूकता फैलानी होगी और पुनर्वास में तेजी लानी होगी। सामूहिक जिम्मेदारी से ही एक स्वस्थ भविष्य का निर्माण होगा।

पिछले 57 दिनों में मैंने जम्मू-कश्मीर के हर जिले का दौरा किया है और लोगों को आश्वासन दिया है कि हमारे समाज को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों को सजा जरूर मिलेगी। आज मैं सभी नागरिकों को आश्वस्त करता हूं कि हम एक उज्ज्वल भविष्य का प्रकाश फैलाएंगे”।

उन्होंने कहा कि अगले 43 दिनों में हमें पुंछ और पूरे केंद्र शासित प्रदेश में एक व्यापक आंदोलन शुरू करना होगा जो जिले की हर पंचायत, हर गली और हर घर को नशामुक्त बनाने के लिए समर्पित होगा।

पूंछ के लोग जानते हैं कि सीमावर्ती जिला होने के कारण नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवादी इस भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी युवाओं की जिंदगी तबाह कर रही है और साथ ही आतंकवाद को भी बढ़ावा दे रही है। हमें इस समस्या का सामना करने के लिए समाजव्यापी दृष्टिकोण अपनाना होगा।

उपराज्यपाल ने कहा कि मादक पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए उदासीनता की जगह सक्रियता अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि 'यह मेरी समस्या नहीं है' वाली मानसिकता मादक पदार्थों के तस्करों और दलालों को और भी बढ़ावा देती है जो जनता की चुप्पी का फायदा उठाकर अपने नेटवर्क का विस्तार करते हैं।

सच्चा बदलाव तभी आता है जब समुदाय एकजुट होते हैं। नशामुक्त समाज का निर्माण वे लोग करते हैं जो खुलकर बोलने और कार्रवाई करने का साहस दिखाते हैं, यह मानते हुए कि यह एक साझा लड़ाई है जो हम सभी को प्रभावित करती है। एक समृद्ध समाज के लिए आर्थिक प्रगति और जागरूक नागरिकों दोनों की आवश्यकता होती है। मानसिकता बदलने और आपूर्ति श्रृंखलाओं को नष्ट करने के लिए हमारे पिछले 57 दिनों के अभियान ने जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की है। 1,038 एफआईआर के तहत 1,130 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया, पीआईटी-एनडीपीएस के तहत 63 लोगों को हिरासत में लिया गया और 100 से अधिक संपत्तियां जब्त की गईं। इन अपराधियों को पूरी तरह से निष्क्रिय करने के लिए हमने 700 ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए हैं और 130 पासपोर्ट निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की है।

उपराज्यपाल ने 'नशामुक्त जम्मू-कश्मीर' अभियान को हर घर तक पहुंचाने और जन चेतना का स्थायी हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि सच्ची रोकथाम युवाओं को शिक्षा, कौशल, खेल के माध्यम से एक उद्देश्य देने और उन्हें नशे की लत के खिलाफ अंतिम हथियार में बदलने में निहित है।

यह रणनीति दो मजबूत स्तंभों पर टिकी है। पहला, स्थानीय नशीली दवाओं के नेटवर्क के खिलाफ अग्रिम पंक्ति की रक्षा के रूप में युवा क्लबों को संगठित करना और दूसरा महिलाओं को नेतृत्व पदों पर रखना ताकि माताएं और बहनें हर गांव को नशामुक्त बनाने के अभियान को आगे बढ़ा सकें।

उपराज्यपाल ने घोषणा की कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों को नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद के तंत्र को पूरी तरह से खत्म करने के लिए खुली छूट दी गई है। नए जारी किए गए मानक संचालन प्रक्रिया के तहत नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल व्यक्तियों को तत्काल और गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ेगा और उनके पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, हथियार लाइसेंस और आधार कार्ड रद्द किए जा रहे हैं जबकि उनकी चल और अचल संपत्तियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त किया जा रहा है।

“-

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story