पुरमंडल और उत्तरवाहिनी के मंदिरों के जीर्णोद्धार का शिलान्यास
जम्मू,, 20 सितंबर (हि.स.)।
पुरमंडल और उत्तरवाहिनी के ऐतिहासिक मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनरुद्धार कार्यों का रविवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शिलान्यास किया। पुरमंडल की धरोहर के लिए करीब 7.15 करोड़ रुपये और उत्तरवाहिनी के मंदिरों के लिए करीब 6.85 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इसके तहत पुराने शिव मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, पुराने लक्ष्मी नारायण मंदिर और रणेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों का पुनरुद्धार किया जाएगा। उपराज्यपाल ने कहा कि पुरमंडल केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। क्षेत्र में सड़क, प्रकाश, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं के विकास से धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

