जम्मू में डूबने की घटना पर उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त
जम्मू, 31 मार्च (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को नागरोटा में तवी नदी में डूबने की घटना में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
रविवार को नदी में डूबे तीनों लड़कों के शव बरामद कर लिए गए हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि युवाओं का इस तरह डूबना दिल दहला देने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं और हार्दिक सहानुभूति शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस कठिन समय में हम उनके साथ खड़े हैं।” तीनों लड़के - बाविश कौल (15), सोनम दत्त (16) और आदित्य पंडित (15) रविवार शाम को जम्मू के बाहरी इलाके नागरोटा सैनिक स्कूल के पास तेज धारा में बह गए थे। पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमों ने सोमवार को कौल और पंडित के शव बरामद कर लिए थे जबकि आज सोनम दत्त का शव बरामद किया गया है।
अब्दुल्ला ने इस घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों को शक्ति और सांत्वना प्रदान करने के लिए प्रार्थना भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

