जम्मू के कलाकारों को मिले अपना आसमान: साहनी

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू के कलाकारों को मिले अपना आसमान: साहनी


जम्मू, 20 मार्च (हि.स.)।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने जम्मू में फिल्म सिटी के निर्माण और स्थानीय कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराने की जोरदार मांग उठाई।

पार्टी के प्रदेश मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर केवल खूबसूरत वादियों का नाम नहीं बल्कि हुनर, जज़्बे और बेमिसाल प्रतिभाओं की धरती है। बावजूद इसके यहां के कलाकार आज भी अपने ‘आसमान’ की तलाश में हैं और अपनी कला को प्रदर्शित करने के लिए उन्हें कोई सशक्त मंच नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकारें विकास के बड़े-बड़े दावे करती हैं लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि जम्मू के हजारों कलाकार संसाधनों और अवसरों के अभाव में संघर्ष कर रहे हैं।

साहनी ने जोर देते हुए कहा कि प्रस्तावित फिल्म सिटी केवल एक ढांचा नहीं होगी बल्कि जम्मू के युवाओं के सपनों को साकार करने का केंद्र बनेगी। इससे स्थानीय कलाकारों को पहचान मिलेगी रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

साहनी ने केंद्र सरकार और संबंधित विभागों से जम्मू में विश्वस्तरीय फिल्म सिटी स्थापित करने के साथ-साथ क्षेत्रीय व शॉर्ट फिल्मों को प्रोत्साहन देने की भी मांग की।

इस अवसर पर ‘वॉरियर देवयानी’ और ‘नशा 370’ शॉर्ट फिल्मों के पोस्टरों का भी विमोचन किया गया। साहनी ने कहा कि ये फिल्में इस बात का प्रमाण हैं कि जम्मू के युवा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं बल्कि महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्ति जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैला रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story