आयुर्वेद की बुनियादी अवधारणाओं पर व्याख्यान आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद की बुनियादी अवधारणाओं पर व्याख्यान आयोजित


जम्मू, 27 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज ने भारतीय शिक्षण मंडल, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख प्रांत के सहयोग से ‘आयुर्वेद की आधारशिला’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया। कुलपति प्रो. संजीव जैन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य महानिधि मुख्य वक्ता रहे। आचार्य महानिधि ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं बल्कि भारतीय दर्शन, संस्कृति और प्रकृति के साथ मानव जीवन के संबंधों पर आधारित समग्र ज्ञान परंपरा है। इसका मूल उद्देश्य शरीर, मन और जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना है।

उन्होंने वात, पित्त और कफ की अवधारणाओं के साथ आयुर्वेद के ऐतिहासिक विकास और चरक संहिता जैसे प्राचीन ग्रंथों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को सही ढंग से समझने के लिए इसके मूल ग्रंथों और सांस्कृतिक आधार का अध्ययन आवश्यक है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजीव जैन ने भारतीय ज्ञान परंपराओं और गुरुकुल शिक्षा प्रणाली के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की समृद्ध वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक विरासत है जिसमें मानव जीवन, स्वास्थ्य और प्रकृति के आपसी संबंधों को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने औषधीय पौधों एवं जड़ी-बूटियों के महत्व का उल्लेख करते हुए पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. यशवंत सिंह, प्रो. भारत भूषण, प्रो. वंदना शर्मा, प्रो. सुरम सिंह, डॉ. शशिकांत मिश्रा, डॉ. राजेश सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे। व्याख्यान में आयुर्वेद की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मूल सिद्धांतों और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story