राजनीतिक दलों के नेताओं ने कांग्रेस के दिग्गज नेता पीरजादा मोहम्मद सैयद के निधन पर किया शोक व्यक्त

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 27 नवंबर (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अनंतनाग विधायक और पूर्व मंत्री पीरजादा मोहम्मद सैयद के निधन पर सभी दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है और जम्मू-कश्मीर के जनजीवन में उनके दशकों के योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और जनसेवा में उनके विशिष्ट करियर और जम्मू-कश्मीर के लोगों के कल्याण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी पीरजादा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक समर्पित नेता बताया। उन्होंने पूर्व पीसीसी अध्यक्ष, मंत्री और विधायक के रूप में पार्टी के साथ अपने जुड़ाव को याद किया।

पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और मंत्री अली मोहम्मद सागर ने पीरजादा को मृदुभाषी नेता बताया जो अपने शांत स्वभाव, राजनीतिक सूझबूझ और जनता से घनिष्ठ जुड़ाव के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि दशकों की उनकी समर्पित सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। नेशनल कॉन्फ्रेंस मत्री सकीना इटू ने भी शोक व्यक्त करते हुए उनके कई दशकों के विशिष्ट राजनीतिक करियर को याद किया। उन्होंने बताया कि पीरजादा जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष, विभिन्न सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके थे और विधानसभा में कोकरनाग और अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।

जम्मू-कश्मीर कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने उनके निधन को अनंतनाग की जनता के लिए एक बड़ी क्षति बताया जिनकी उन्होंने समर्पण भाव से सेवा की थी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने पीरजादा को एक नेक इंसान, कुशल राजनीतिज्ञ और गरिमापूर्ण जीवन जीने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर के प्रति उनके योगदान और समर्पित सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। जम्मू-कश्मीर छात्र संघ के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुएहामी ने उनके निधन को जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत बताया।

वरिष्ठ नेता के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभवों को याद करते हुए खुएहामी ने कहा कि पीरज़ादा विनम्र, दयालु और उदार थे। उन्होंने आगे कहा कि अपने लंबे राजनीतिक करियर और कद के बावजूद वे हमेशा सुलभ और सरल स्वभाव के रहे।

इस बीच जम्मू और कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (जेकेपीडीपी) ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और इसे व्यक्तिगत क्षति बताया। पार्टी ने अपने नेतृत्व के साथ उनके जुड़ाव को याद किया और उनकी विनम्रता और जनसेवा में लंबे करियर को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story