मढ़ पुरखू में ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ
जम्मू, 02 जून (हि.स.)। कृषि उत्पादन एवं किसान कल्याण विभाग जम्मू द्वारा उपमंडल मढ़ के गांव पुरखू में आयोजित किसान जागरूकता कार्यक्रम के दौरान माहभर चलने वाले ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जम्मू उत्तर के विधायक शाम लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 300 से अधिक किसानों, जेकेसीआईपी से जुड़े युवा क्लबों, एनएटीएस कृषि वीरों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न युवा क्लबों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। अपने संबोधन में विधायक ने कृषि क्षेत्र में युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक, वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं बल्कि इसे किसानों और गांवों से जुड़ा एक व्यापक जनआंदोलन बनाना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत कृषि भूमि की सुरक्षा, खेती की लागत में कमी और किसानों को समय पर तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के संतुलित उपयोग, मृदा परीक्षण आधारित खेती, हरित खाद, जैविक उत्पादों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत किसानों को खेत स्तर पर सलाह और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए विभागीय टीमें नियमित रूप से गांवों का दौरा करेंगी।
इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों और विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम स्थल पर मिशन युवा, स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और इफको द्वारा जागरूकता एवं प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए जिनमें कृषि नवाचारों, उद्यमिता के अवसरों और किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने तथा क्षेत्र में टिकाऊ और समृद्ध कृषि को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

