‘एचीवर्स ऑफ नॉर्थ इंडिया’ पुस्तक का विमोचन, समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को किया गया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
‘एचीवर्स ऑफ नॉर्थ इंडिया’ पुस्तक का विमोचन, समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को किया गया सम्मानित


जम्मू, 31 जुलाई (हि.स.)। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्तर भारत के विशिष्ट व्यक्तित्वों पर आधारित पुस्तक ‘एचीवर्स ऑफ नॉर्थ इंडिया’ का विमोचन जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने किया। इस अवसर पर महंत रोहित शास्त्री, पुस्तक के संपादक अश्वनी, जेडीए के सचिव सौरव रैना, कुलभूषण जामवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने कहा कि यह पुस्तक केवल उपलब्धियों का संकलन नहीं बल्कि उन लोगों के संघर्ष, समर्पण और सफलता की प्रेरक गाथा है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन युवाओं को सकारात्मक सोच, मेहनत और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने पुस्तक के संपादक और इससे जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह पुस्तक भविष्य में प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत बनेगी।

कार्यक्रम में महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि शिक्षा, संस्कृति, अध्यात्म, सामाजिक सेवा, प्रशासन, चिकित्सा, साहित्य, कला और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के संघर्ष और उपलब्धियों को समाज के सामने लाना समय की आवश्यकता है ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।

पुस्तक के संपादक अश्वनी ने बताया कि पुस्तक में उत्तर भारत के कई प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का जीवन परिचय, उनके कार्यों और समाज के प्रति योगदान का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य उन लोगों की प्रेरक यात्राओं को जन-जन तक पहुंचाना है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने परिश्रम और संकल्प से अलग पहचान बनाई।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रकाशन समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मान दिलाने के साथ-साथ सकारात्मक सामाजिक वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी अतिथियों ने पुस्तक की सफलता की कामना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story