4.95 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत, गलियां-सड़कें और नालियां होंगी दुरुस्त

WhatsApp Channel Join Now
4.95 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत, गलियां-सड़कें और नालियां होंगी दुरुस्त


जम्मू, 09 जुलाई (हि.स.)। अखनूर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को लगभग 4.95 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की शुरुआत की गई। विधायक मोहन लाल भगत ने निर्दोष चौक पर विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। आपदा प्रबंधन योजना के तहत होने वाले इन कार्यों में कस्बे की गलियों, नालियों, सड़कों, सुरक्षा दीवारों सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक कपिल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि पिछले वर्ष आई बाढ़ से अखनूर को हुए नुकसान को देखते हुए इन विकास कार्यों की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और स्थानीय लोगों से भी निगरानी कर किसी भी अनियमितता की सूचना देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आगामी समय में अखनूर बस स्टैंड के आधुनिकीकरण, तालाबों और पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा जिया पोता से पुराने पुल तक सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्य भी शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा जिया पोता घाट पर पर्यटन विभाग की दो परियोजनाओं पर कार्य जारी है और अखनूर को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि जिला प्रशासन की 'राही होप' सेवा के माध्यम से श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को जिया पोता घाट, अखनूर किला, पांडव गुफा और अम्बारां जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है जिससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक कपिल शर्मा ने कहा कि नगर में कई अन्य विकास परियोजनाएं भी स्वीकृत हो चुकी हैं और उनका कार्य शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विभाग आवश्यक कदम उठा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story