जसरोटा में 11.20 करोड़ की विकास परियोजनाओं का आगाज, गांवों तक पहुंची विकास की नई रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जसरोटा में 11.20 करोड़ की विकास परियोजनाओं का आगाज, गांवों तक पहुंची विकास की नई रफ्तार


कठुआ, 17 सितंबर (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल, बिजली, पेयजल और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में 11.20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। विधायक ने कटली, सुंखल, गढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

कार्यक्रम के दौरान राजबाग-धन्नी बाख्ता सड़क पर 3 करोड़ रुपये की लागत से रिन्यूअल कोटिंग के कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं 3 करोड़ रुपये की लागत से कटली पुल का शिलान्यास किया गया। सुंखल में 4.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पीएमजीएसवाई सड़क का कार्य भी शुरू किया गया। इसके अलावा मंगलूर-बालोट रोड से मोहल्ला धनवाल रोड का 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित मार्ग तथा बालोटे में 50 लाख रुपये की लागत से तैयार वेंटेड कॉजवे का उद्घाटन किया गया। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांव कटली में 11 लाख रुपये की लागत से दो नए ट्रांसफार्मर शुरू किए गए। सुंखल में 10 लाख रुपये की लागत से दो नए बोरवेल भी जनता को समर्पित किए गए। वहीं स्थानीय स्तर पर जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 10 लाख रुपये के लेन एवं ड्रेनेज कार्यों का उद्घाटन किया गया।

बाद में विधायक राजीव जसरोटिया ने कटली, सुंखल और गढ़ में जनसमस्याएं सुनने के लिए बैठकें भी कीं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं और मांगें विधायक के समक्ष रखीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों को लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के समाधान की दिशा में समयबद्ध प्रयास करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर राजीव जसरोटिया ने कहा कि जसरोटा में विकास कार्यों का उद्देश्य केवल नई परियोजनाएं शुरू करना नहीं बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने के लिए विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद विकास प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर शिकायत निवारण बैठकें आयोजित की गईं ताकि लोगों की समस्याओं को मौके पर समझकर संबंधित विभागों तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story