लखनपुर बनेगा स्ट्रीट फूड हब, देश के 50 शहरों में चयन-डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया ट्वीट

WhatsApp Channel Join Now
लखनपुर बनेगा स्ट्रीट फूड हब, देश के 50 शहरों में चयन-डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया ट्वीट


कठुआ, 11 जुलाई (हि.स.)। जिला कठुआ के प्रवेश द्वार लखनपुर को केंद्र सरकार की नई योजना के तहत देश के 50 शहरों में स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर जानकारी साझा की।

अपने ट्वीट में डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि लखनपुर को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत विकसित किए जाने वाले स्ट्रीट फूड हब्स की सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लखनपुर को विश्वस्तरीय स्ट्रीट फूड वेंडिंग स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा जिससे स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा और स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलेंगे। योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता के साथ अतिरिक्त प्रोत्साहन भी प्रदान किया जाएगा।

प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब लखनपुर मार्केट में दो क्लस्टरों में विकसित किया जाएगा। पहला क्लस्टर पुराने बस स्टैंड के पास तथा दूसरा सेल्स टैक्स कार्यालय के निकट स्थापित होगा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को दी जा रही प्राथमिकता के चलते लखनपुर को इस राष्ट्रीय योजना के पहले चरण में शामिल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि लखनपुर जो कि जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार है यहां हमेशा पर्यटकों, श्रद्धालुओं और यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की यह पहल इस क्षेत्र को एक प्रमुख हाईवे स्टॉपओवर के रूप में और अधिक लोकप्रिय बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story