लघु उद्योग भारती ने गठित की गंग्याल इकाई, राघव गुप्ता बने अध्यक्ष, एमएसएमई हितों को मजबूत करने का लिया संकल्प
जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। लघु उद्योग भारती (एलयूबी) जम्मू-कश्मीर की बैठक में संगठन की गंग्याल इकाई के गठन की औपचारिक घोषणा की गई। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और संस्थापक सदस्यों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सक्षम अभय परगल, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रवीण परगल, राज्य अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, राज्य उपाध्यक्ष अंकित गुप्ता, राज्य महासचिव आगम जैन, राज्य कोषाध्यक्ष ईशांत गुप्ता, संयुक्त राज्य कोषाध्यक्ष राजिंदर सदोत्रा, विनय गुप्ता, दीपक गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में गंग्याल इकाई के लिए राघव गुप्ता को अध्यक्ष, योगेश वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तेजस गुप्ता को उपाध्यक्ष, संदीप गुप्ता को महासचिव, रुद्र गुप्ता को सचिव तथा जसान बिंद्रा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि गंग्याल इकाई के गठन से लघु उद्योग भारती का संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा तथा जमीनी स्तर पर एमएसएमई से जुड़े उद्यमियों तक संगठन की पहुंच बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि संगठन जम्मू-कश्मीर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) से जुड़े स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
बैठक के अंत में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम पूरी निष्ठा के साथ एमएसएमई क्षेत्र के हितों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

