लद्दाख के मुख्य सचिव ने कारगिल हवाई पट्टी के विस्तार के लिए भूमि संबंधी मुद्दों के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

लद्दाख, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने कारगिल के उपायुक्त को भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के साथ संयुक्त स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया है ताकि कारगिल हवाई पट्टी के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुद्दों और आपत्तियों का जल्द से जल्द समाधान किया जा सके।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि कुंद्रा ने हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे के विकास की प्रगति का आकलन करने और कारगिल और थोइस हवाई अड्डों पर नागरिक उड्डयन सेवाओं के संचालन पर चर्चा करने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।

21 विंग के एयर ऑफिसर कमांडिंग, एयर कमोडोर अजय राठे ने कारगिल हवाई अड्डे के प्रस्तावित विस्तार और परिचालन आवश्यकताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रवक्ता ने बताया कि कारगिल के उपायुक्त राकेश कुमार ने मुख्य सचिव को प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण की स्थिति और उससे जुड़े मुद्दों के बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने कारगिल के उपायुक्त को भारतीय वायु सेना की टीम के साथ संयुक्त स्थल निरीक्षण करने और स्थानीय नेताओं और प्रतिनिधियों से परामर्श करके हवाई पट्टी के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुद्दों और आपत्तियों का जल्द से जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में नुब्रा स्थित थोइस हवाई अड्डे पर रक्षा भूमि पर एक नए टर्मिनल भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि थोइसे स्टेशन कमांडर ने बैठक को कार्य अनुमति की स्थिति, भूमि के हस्तांतरण और अधिग्रहण, समझौता ज्ञापन (एमओयू) के मसौदे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के बारे में जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य सचिव ने संबंधित प्रशासनिक सचिवों को प्रस्तावित परियोजना के समय पर क्रियान्वयन को सुगम बनाने के लिए लंबित प्रक्रियात्मक मुद्दों को शीघ्रता से हल करने का निर्देश दिया।

दोनों हवाई अड्डों की समग्र प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सभी लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने की आवश्यकता पर जोर दिया और संबंधित विभागों और एजेंसियों को कारगिल और थोइसे में नागरिक उड्डयन सेवाओं के संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story