लद्दाख के डीजीपी ने सुरक्षा और एलएएचडीसी चुनावों के लिए तैयारियों की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now

लेह, 25 नवंबर (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने बुधवार को आगामी लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) चुनावों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और समग्र तैयारियों की समीक्षा की। ये चुनाव 4 दिसंबर को होने वाले हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख पुलिस प्रमुख ने द्रास जिला मुख्यालय के अपने दौरे के दौरान एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जहां उन्होंने चुनावी प्रक्रिया के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे सुरक्षा उपायों और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बैठक में वरिष्ठ पुलिस और नागरिक प्रशासन अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न सहयोगी एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था, मतदान व्यवस्था, कर्मियों की तैनाती और संभावित चुनौतियों सहित चुनाव तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि डीजीपी ने यह सुनिश्चित करने के लिए कई निर्देश जारी किए हैं कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हों।

प्रवक्ता ने बताया कि जैन ने सभी एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय और चुनावी प्रक्रिया के हर चरण में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण पर विशेष बल दिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि डीजीपी ने मतदान कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। बाद में जैन ने स्ट्रांग रूम का दौरा किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने इसकी पुख्ता सुरक्षा, चौबीसों घंटे निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।

उन्होंने बताया कि डीजीपी ने द्रास स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय और थासगाम स्थित पीएम श्री हाई स्कूल के मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया जहां उन्होंने चुनाव से पहले उपलब्ध बुनियादी ढांचे, सुरक्षा व्यवस्था और रसद संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।

प्रवक्ता ने बताया कि अपने दौरे के दौरान जैन ने नवनिर्मित पुलिस स्टेशन भवन का भी निरीक्षण किया और अग्निशमन उप-केंद्र की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story