लद्दाख में सिंगल-यूज प्लास्टिक पर सख्ती, उल्लंघन पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

लद्दाख, 20 जून (हि.स.)। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सार्वजनिक स्थानों पर सिंगल-यूज प्लास्टिक (एसयूपी) के उपयोग, बिक्री और वितरण पर सख्त प्रतिबंध लागू करते हुए उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग या बिक्री करते पाए जाने पर व्यक्तियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 10 हजार रुपये तक का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने पर 5 हजार रुपये का दंड देना होगा।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की मंजूरी के बाद पूरे लद्दाख में चिन्हित सिंगल-यूज प्लास्टिक वस्तुओं के इस्तेमाल, बिक्री, भंडारण, परिवहन, वितरण और आपूर्ति पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। इस अभियान के तहत लेह हवाई अड्डे और लद्दाख में प्रवेश करने वाले प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर सिंगल-यूज प्लास्टिक की रैंडम जांच भी की जाएगी, ताकि प्रतिबंधित सामग्री को क्षेत्र में लाने और उपयोग करने पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

प्रशासन का मानना है कि लद्दाख का संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण और खुले में कचरा फेंकने की समस्या से प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से पर्यटन स्थलों के आसपास प्लास्टिक कचरे के बढ़ते जमाव ने पर्यावरणीय चुनौतियों को और गंभीर बना दिया है। ऐसे में यह निर्णय पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची में प्लास्टिक कटलरी, कप, प्लेट, स्ट्रॉ, ट्रे, रैपिंग फिल्म, थर्मोकोल से बनी सजावटी सामग्री, प्लास्टिक झंडे, प्लास्टिक स्टिरर तथा निर्धारित मानकों से कम मोटाई वाले प्लास्टिक बैनर शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य न केवल प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना है, बल्कि स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और पर्यटकों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। लद्दाख प्रशासन ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करने तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story