अमरनाथ यात्रा से पहले उपराज्यपाल ने की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 29 अप्रैल (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपराज्यपाल ने

वार्षिक अमरनाथ यात्रा के सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियाें काे निर्देश दिये।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जम्मू के लोक भवन में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात सहित वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई यह बैठक कानून और व्यवस्था प्रबंधन और समन्वित सुरक्षा व्यवस्था पर केंद्रित रही। बैठक में जम्मू-कश्मीर में समग्र सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की गई जिसमें वार्षिक अमरनाथ यात्रा के सुरक्षित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि निवारक उपायों को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहज समन्वय और समय पर प्रतिक्रिया तंत्र की आवश्यकता पर जोर दिया है। बैठक में नशीले पदार्थों के खिलाफ तीव्र कार्रवाई और जागरूकता पहल पर ध्यान केंद्रित करते हुए नशा मुक्त समाज बनाने के प्रशासन के अभियान के तहत चल रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने क्षेत्र में मादक द्रव्यों के सेवन को रोकने के लिए एक व्यापक रणनीति के हिस्से के रूप में नशीली दवाओं के विरोधी अभियानों और प्रवर्तन प्रयासों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story