कृषि विज्ञान केंद्र सांबा में एग्रीड्रोन का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 16 मार्च (हि.स.)।

कृषि विज्ञान केंद्र सांबा द्वारा जिले के किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने के लिए गेहूं की फसलों में एग्रीड्रोन के उपयोग पर एक प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एसकेयूएएसटी जम्मू के विस्तार निदेशक डॉ. अमरीश वैद की देखरेख में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र सांबा के मुख्य वैज्ञानिक एवं प्रमुख प्रोफेसर संजय खजूरिया ने आधुनिक कृषि में ड्रोन तकनीक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके उपयोग से कृषि रसायनों का समय पर और समान छिड़काव संभव है, जिससे श्रम लागत कम होती है और फसल की उत्पादकता बढ़ती है। कृषि विस्तार विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार ने किसानों को कृषि में ड्रोन जैसी उन्नत तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सस्य विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. राजू गुप्ता ने गेहूं के खेतों में एग्रीड्रोन का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए 23 एकड़ से अधिक क्षेत्र में छिड़काव कर इसकी क्षमता दिखाई। कार्यक्रम में 80 से अधिक किसानों, जिनमें 23 महिला किसान भी शामिल थीं, ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की। क्षेत्र के किसान कैप्टन अर्जन सिंह ने किसानों को नई तकनीक से जोड़ने के लिए केंद्र की टीम का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story