नटरंग के संडे थिएटर में किस्सा चोरी का ने बिखेरा हास्य का रंग, दर्शकों ने सराहा प्रयोगधर्मी प्रस्तुति

WhatsApp Channel Join Now
नटरंग के संडे थिएटर में किस्सा चोरी का ने बिखेरा हास्य का रंग, दर्शकों ने सराहा प्रयोगधर्मी प्रस्तुति


जम्मू, 28 जून (हि.स.)। नटरंग की प्रतिष्ठित साप्ताहिक रंगमंच श्रृंखला ‘संडे थिएटर’ के अंतर्गत रविवार को नटरंग स्टूडियो थिएटर में प्रयोगधर्मी नाटक ‘किस्सा चोरी का’ का सफल मंचन किया गया।

वरिष्ठ रंगकर्मी नीरज कांत के निर्देशन में प्रस्तुत इस अभिनव नाट्य प्रयोग ने अपने रोचक कथानक, हास्य, रोमांच और अप्रत्याशित घटनाक्रम से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। प्रस्तुति के समापन पर दर्शकों ने कलाकारों और पूरी टीम की जोरदार तालियों से सराहना की। नटरंग के निदेशक बलवंत ठाकुर ने बताया कि यह नाटक पूरी टीम की सामूहिक इम्प्रोवाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक प्रयोग कलाकारों को अपनी कल्पनाशीलता और अभिनय क्षमता को खुलकर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं, जिससे प्रस्तुति अधिक जीवंत, स्वाभाविक और प्रभावशाली बनती है।

नाटक की कहानी रामलाल के इर्द-गिर्द घूमती है जिसके घर में चोरी होने की आशंका से घटनाओं का सिलसिला शुरू होता है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वह घर लौटता है तो पड़ोसी एक-एक कर उससे सहानुभूति जताने पहुंचते हैं। हर कोई यह दावा करता है कि उसे चोरों द्वारा छोड़ा गया कोई संदूक या गठरी मिली है और वह उसे रामलाल को सौंप देता है। लेकिन हर बार पैकेट खाली निकलता है जिससे उम्मीद और निराशा का यह क्रम लगातार चलता रहता है। कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है जब रामलाल की पत्नी मायके से लौटकर बताती है कि इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए वह पहले ही घर के सभी नकदी और गहने अपने साथ सुरक्षित ले गई थी। यह सुनकर रामलाल की चिंता दूर हो जाती है और नाटक सुखद अंत के साथ यह संदेश देता है कि अफवाहें, जल्दबाजी में बनाई गई धारणाएं और अनावश्यक घबराहट अक्सर लोगों को बेवजह परेशान कर देती हैं।

हास्य से भरपूर संवाद, सशक्त अभिनय और अभिनव मंचीय प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। साधारण-सी घटना को रोचक और विचारोत्तेजक ढंग से प्रस्तुत करने के कारण नाटक को खूब सराहना मिली। नाटक में नीरज कांत, पवन वर्मा, आर्यन शर्मा, प्रियाल अशोक गुप्ता और सुप्रिया गोरखा ने प्रभावशाली अभिनय किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story