खेलो इंडिया से भारत की खेल उपलब्धियों को मिली नई दिशा: बलबीर राम रत्तन

WhatsApp Channel Join Now
खेलो इंडिया से भारत की खेल उपलब्धियों को मिली नई दिशा: बलबीर राम रत्तन


जम्मू, 01 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता एवं पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर राम रत्तन ने कहा है कि खेलो इंडिया पहल ने भारत की खेल आकांक्षाओं को ठोस आधार देते हुए देश को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी शक्ति के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में भारत को मिली उल्लेखनीय खेल सफलताएँ किसी एक आयोजन का परिणाम नहीं बल्कि प्रतिभा पहचान, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और दीर्घकालिक खिलाड़ी विकास पर आधारित एक सुव्यवस्थित खेल प्रणाली का नतीजा हैं। खेलो इंडिया जैसी पहलों से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मंच और संसाधन उपलब्ध हुए हैं।

बलबीर राम रत्तन ने बताया कि 2025 में महिला विश्व क्रिकेट कप, आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी, टी-20 विश्व कप, स्क्वैश विश्व कप, कबड्डी विश्व कप सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन ने वैश्विक स्तर पर देश की खेल क्षमता को नई पहचान दी है। उन्होंने स्वदेशी खेलों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुरुष और महिला खो-खो विश्व कप में जीत ने पारंपरिक खेलों की अंतरराष्ट्रीय संभावनाओं को उजागर किया है। इसके अलावा पिकलबॉल विश्व कप में प्रदर्शन को उन्होंने नए खेलों में भारत की बढ़ती उपस्थिति का संकेत बताया।

समावेशी खेल विकास पर जोर देते हुए उन्होंने डेफलंपिक्स में 20 पदक और युवा खेल प्रतियोगिताओं में 48 पदकों को भविष्य की मजबूत प्रतिभा श्रृंखला का प्रमाण बताया। वहीं विश्व बॉक्सिंग फाइनल्स में 20 पदकों की उपलब्धि को अनुशासन और बेहतर कोचिंग का परिणाम करार दिया। बलबीर राम रत्तन ने कहा कि भारत की खेल प्रगति एक सतत राष्ट्रीय प्रयास है, जो मजबूत नीतियों, आधारभूत ढांचे और खिलाड़ियों के निरंतर समर्थन से आगे बढ़ रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story