कठुआ की बेटी अंजलि देवी ने एवरेस्ट पर लहराया तिरंगा-जसरोटिया ने किया सम्मानित, कहा नारी शक्ति के नए युग का प्रतीक
कठुआ, 10 जुलाई (हि.स.)। कठुआ की बेटी अंजलि देवी ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने न केवल कठुआ बल्कि पूरे जम्मू-कश्मीर और देश का गौरव बढ़ाया है।
जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने शुक्रवार को अंजलि देवी के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अंजलि की साहस, दृढ़ संकल्प और समर्पण की यह मिसाल युवाओं, खासकर बेटियों के लिए एक नई दिशा तय करती है। अंजलि देवी की इस सफलता पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई देते हुए जसरोटिया ने कहा कि यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर को वैश्विक पर्वतारोहण के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि यहां के युवाओं में अपार प्रतिभा और जज्बा मौजूद है और अगर मेहनत व लगन हो तो कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं।
उन्होंने कहा कि अंजलि देवी की सफलता देश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं और सकारात्मक बदलावों का भी प्रतीक है। इन प्रयासों ने महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया है और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं। जसरोटिया ने कहा कि आज भारत की बेटियां रक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, उद्यमिता और पर्वतारोहण जैसे हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। यह एक ऐसे माहौल का परिणाम है, जो उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने अंजलि देवी के माता-पिता की भी सराहना करते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और त्याग ही ऐसी असाधारण उपलब्धियों की नींव होता है। अंत में विधायक ने अंजलि देवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी देश का नाम रोशन करती रहेंगी और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

