26 नवंबर की रात 8 बजे सायरन से गूंजेगा कठुआ, जिलेभर में होगा एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
26 नवंबर की रात 8 बजे सायरन से गूंजेगा कठुआ, जिलेभर में होगा एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास


कठुआ, 25 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से 26 नवंबर 2026 को जिलेभर में दूसरा सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। यह अभ्यास रात 8 बजे पूरे जिला कठुआ में एक साथ आयोजित होगा। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की तैयारियों को परखना और उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यास के दौरान बजने वाले सायरन के संकेतों को समझना प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी होगा। एयर रेड वार्निंग के दौरान दो मिनट तक ऊंची और नीची आवाज में सायरन बजेगा। इस संकेत के मिलते ही नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर जाने, घरों के अंदर रहने और खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

वहीं अभ्यास समाप्त होने का संकेत दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज में बजने वाले सायरन से दिया जाएगा। इसके बाद नागरिक सामान्य गतिविधियां दोबारा शुरू कर सकेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉक अभ्यास के दौरान घरों की लाइटों, बाहरी एवं सजावटी रोशनी को बंद रखें। वाहन चला रहे लोग सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर उसकी हेडलाइट बंद करें। इसके साथ ही आधिकारिक निर्देशों का पालन करें और किसी भी स्थिति में घबराहट न फैलाएं।

जिला प्रशासन ने आम जनता से इस अभ्यास में सहयोग करने और इसे गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा है कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूकता, सतर्कता और पूर्व तैयारी बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story