नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा कठुआ, धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
कठुआ, 04 सितंबर (हि.स.)। जिला कठुआ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय कठुआ के साथ-साथ बसोहली, बिलावर, हीरानगर, बनी तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और देर शाम तक धार्मिक स्थलों पर भजन-कीर्तन व पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।
श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और उन्हें माखन, मिश्री सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया। कान्हा को झूला झुलाने के लिए भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
नन्हे-मुन्ने बच्चे श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बने रहे। जिला मुख्यालय कठुआ के वार्ड नंबर-4 स्थित महाकालेश्वर मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। इसी प्रकार परलीवंड क्षेत्र के लकड़ संधा मंदिर से भी जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा क्षेत्र कृष्णमय नजर आया।
बेड़ियां पतन क्षेत्र में हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित विशेष आयोजन किया गया। नहर के बीच गुफा का निर्माण कर श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
परलीवंड स्थित माता काली मंदिर में भी राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी सजाई गई। मंदिर में श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के दर्शन किए और उन्हें झूला झुलाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। जिले की तहसीलों बसोहली, बिलावर, बनी और हीरानगर में भी जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, झांकियों और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
मंदिरों में दिनभर चहल-पहल बनी रही और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कठुआ जिला पूरी तरह ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिरों में सजी आकर्षक झांकियों और कृष्ण-राधा के स्वरूप में सजे बच्चों ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

