कठुआ के गायक सनी सलीम का धमाका-“अल्लाह वे” गीत का भव्य विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ के गायक सनी सलीम का धमाका-“अल्लाह वे” गीत का भव्य विमोचन


कठुआ, 17 जून (हि.स.)। कठुआ शहर के उभरते गायक सनी सलीम के नए गीत “अल्लाह वे” का बुधवार को श्री विश्वकर्मा मंदिर कठुआ में भव्य तरीके से विमोचन किया गया। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों और कलाकारों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण उपस्थित रहे जबकि डीडीसी वाइस चेयरमैन रघुनंदन सिंह बबलू और सभा के अध्यक्ष करतार वर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से गीत का विमोचन किया और गायक सनी सलीम को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी। इस मौके पर स्थानीय कलाकारों की भी शानदार मौजूदगी रही जिनमें दिलशेर हंस, बंटी अलमस्त, अकुश कुमार, अभिषेक भोगल, राहुल सूर्यवंशी, सुनील, शाम आलम, लक्की अमृतसरिया, विशाल, मानक शाह कोटी, आकाश, राहुल, मानीक सहित कई अन्य कलाकार शामिल रहे। सभी ने सनी सलीम के गीत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं बल्कि युवाओं को अपनी कला के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करते हैं। गायक सनी सलीम ने भी सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी दर्शकों के लिए बेहतर संगीत प्रस्तुत करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story