राष्ट्रीय विधायकों की कार्यशाला में चमका कठुआ, विधायक डॉ. भारत भूषण ने दी मजबूत मौजूदगी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय विधायकों की कार्यशाला में चमका कठुआ, विधायक डॉ. भारत भूषण ने दी मजबूत मौजूदगी


कठुआ, 10 जुलाई (हि.स.)। देशभर के विधायकों के लिए कृषि, भूमि और जल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन 9 व 10 जुलाई को नई दिल्ली में किया गया। इस कार्यशाला में जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर समकालीन चुनौतियों और समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के अध्यक्ष एम.आर. माधवन के अनुसार देशभर से लगभग 125 विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने भाग लेने की सहमति दी थी जिनमें से 85 जनप्रतिनिधि कार्यशाला में शामिल हुए। इनमें जम्मू-कश्मीर से पांच विधायक भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में जम्मू-कश्मीर से पुलवामा के विधायक वहीद-उर-रहमान पर्रा, कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण, खान साहिब के विधायक एडवोकेट सैफ-उद-दीन भट, वागूरा-क्रीरी के विधायक एडवोकेट इरफान हफीज लोन तथा बडगाम के विधायक आगा सैयद मुन्तजिर मेहदी ने भाग लिया। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने बताया कि कार्यशाला के दौरान कृषि, ग्रामीण विकास, जल प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण, कीट प्रबंधन, जेनेटिकली मॉडिफाइड फसलों, कृषि में जीन एडिटिंग और कृषि विपणन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर नेशनल ब्यूरो ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेज के पूर्व निदेशक के.सी. बंसल, इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के एमेरिटस वैज्ञानिक आलोक सिक्का, डॉ. रितंभरा सिंह, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, अशोका यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मेखला कृष्णमूर्ति, काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर के अपूर्व खंडेलवाल तथा अन्य विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए और अपने अनुभव साझा किए। इस कार्यशाला में हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, तमिलनाडु, तेलंगाना और सिक्किम सहित विभिन्न राज्यों के विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए। कार्यशाला का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को नीतिगत विषयों पर बेहतर समझ प्रदान करना और सतत विकास के लिए प्रभावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story