कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर स्वर दीन की संपत्ति कुर्क

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर स्वर दीन की संपत्ति कुर्क


कठुआ, 24 फरवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर स्वर दीन उर्फ स्वरू की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई बिलावर थाना क्षेत्र के भटोड़ी इलाके में माननीय अतिरिक्त सत्र न्यायालय जम्मू के आदेश पर की गई।

कुर्क की गई संपत्ति में तहसील लोहाई मल्हार, जिला कठुआ स्थित खसरा नंबर 995/726 में 7.5 मरला भूमि शामिल है। यह कार्रवाई थाना बिलावर में दर्ज एफआईआर नंबर 142/2024 के तहत यूएपीए और अन्य संबंधित धाराओं में की गई। आरोपी स्वर दीन पुत्र अमी दीन निवासी भटोड़ी, वर्तमान में पाकिस्तान/पीओजेके में रहकर आतंकी गतिविधियों में शामिल है और न्यायालय द्वारा उसे पहले ही भगोड़ा अपराधी घोषित किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आतंकवादी नेटवर्क की आर्थिक और लॉजिस्टिक सहायता को खत्म करने की रणनीति का हिस्सा है। जिला पुलिस कठुआ ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र की सुरक्षा के खिलाफ काम करने वाले तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story