तेल टैंकर में छिपाकर ले जाए जा रहे 24 गोवंश मुक्त करवाए, कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
तेल टैंकर में छिपाकर ले जाए जा रहे 24 गोवंश मुक्त करवाए, कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई


कठुआ, 08 मार्च (हि.स.)। कठुआ पुलिस द्वारा पशु तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद मवेशी तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर तस्करी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला थाना लखनपुर के अधिकार क्षेत्र का सामने आया है, जहां पुलिस ने एक तेल टैंकर से 24 बेजुबान गोवंश को मुक्त करवाकर तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ऑयल टैंकर को लखनपुर क्षेत्र में जांच के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा जब टैंकर की तलाशी ली गई तो उसमें से 24 गोवंश बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी कर कश्मीर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। लखनपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर को अपने कब्जे में लिया और सभी गोवंश को सुरक्षित मुक्त करवा लिया। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई। इस संबंध में एसएसपी ने कहा कि जिले में पशु तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story