कठुआ पुलिस ने 105 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए, साइबर ठगी के 50.43 लाख रुपये भी लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ पुलिस ने 105 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए, साइबर ठगी के 50.43 लाख रुपये भी लौटाए


कठुआ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करते हुए पिछले दो महीनों में 105 गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं जिनकी अनुमानित कीमत 23.50 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल में 09 आईफोन भी शामिल हैं। पुलिस ने तकनीकी सहायता से जम्मू-कश्मीर सहित पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया।

एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की निगरानी में आईटी सेक्शन, डीपीओ कठुआ की टीम ने यह कार्रवाई की। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिला पुलिस करीब 700 चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1.29 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में साइबर पुलिस स्टेशन कठुआ ने मई से सितंबर 2026 तक विभिन्न मामलों में 50.43 लाख रुपये की ठगी की राशि बरामद की है। साइबर पुलिस स्टेशन की स्थापना से अब तक विभिन्न साइबर ठगी मामलों में कुल 2.28 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बरामद की जा चुकी है। पुलिस ने बैंक, पेमेंट गेटवे और सेवा प्रदाताओं के समन्वय से संदिग्ध लेनदेन को समय रहते फ्रीज कर यह राशि बरामद की।

उन्होंने लोगों से चोरी या गुम हुए मोबाइल की सूचना तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर देने तथा साइबर वित्तीय ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story