पुलिस शहीदों के बलिदान को कठुआ पुलिस ने किया नमन, शहीदों के परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस शहीदों के बलिदान को कठुआ पुलिस ने किया नमन, शहीदों के परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा


कठुआ, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला पुलिस लाइन कठुआ में कार्यक्रम आयोजित कर देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शहीदों के परिजनों और गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान डीएसपी तरनजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की औपचारिक परेड आयोजित की गई जिसमें पीएसआई शिवम सुदन ने द्वितीय परेड कमांडर की भूमिका निभाई। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने देशभर में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम पढ़कर सुनाए और राष्ट्र की संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके उपरांत एसएसपी मोहिता शर्मा, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एसपी ऑपरेशंस कठुआ, अतिरिक्त एसपी कठुआ, डीएसपी डीएआर कठुआ, डीएसपी मुख्यालय कठुआ, एसडीपीओ बॉर्डर सहित पुलिस, नागरिक प्रशासन और सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी, शहीदों के परिजन और शहर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी मोहिता शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से बातचीत की और उन्हें कठुआ पुलिस की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। शहीदों के परिजनों ने जिला पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद गैलरी का भी दौरा किया जहां शहीद जवानों की स्मृतियों को संजोकर रखा गया है। कार्यक्रम के समापन पर शहीद परिवारों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story