कठुआ पुलिस ने कई स्थानों पर मनाया थाना दिवस, लोगों की समस्याएं सुनीं
कठुआ, 27 फरवरी (हि.स.)। पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल और लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला पुलिस कठुआ ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में ‘थाना दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम थाना कठुआ के जखबड, थाना हीरानगर के चकड़ा, थाना बसोहली के महानपुर, थाना राजबाग के जखोल, थाना बिलावर के मच्छेड़ी और थाना बनी के चल्ला क्षेत्र में आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों की अध्यक्षता जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने की जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल चरक, डीएसपी मुख्यालय रविंदर सिंह, डीएसपी ऑप्रेशन पुष्पा राजपूत, एसडीपीओ बसोहली ओम प्रकाश, एसडीपीओ बॉर्डर धीरज कटोच, एसडीपीओ बिलावर नीरज पडियार और अन्य थाना प्रभारी शामिल रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर किरायेदार सत्यापन, नशा तस्करी पर रोक, सीसीटीवी कैमरे लगाने, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने कहा कि जिला पुलिस जनता के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा अपराध और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

