सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और बढ़े हुए बिजली बिलों पर विधायक कठुआ ने सीएम से की हस्तक्षेप की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और बढ़े हुए बिजली बिलों पर विधायक कठुआ ने सीएम से की हस्तक्षेप की मांग


कठुआ, 10 जून (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और बिजली उपभोक्ताओं को जारी किए जा रहे बढ़े हुए बिलों के मुद्दे पर तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।

इस संबंध में विधायक ने मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम सोगामी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा, क्योंकि मुख्यमंत्री इन दिनों नई दिल्ली में हैं। विधायक डॉ. भारत भूषण ने बताया कि नगर परिषद कठुआ सहित विभिन्न शहरी निकायों के सफाई कर्मचारी पिछले तीन सप्ताह से अधिक समय से अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण का मामला पिछले 20 वर्षों से लंबित है, लेकिन सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि हड़ताली कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को भी राहत मिल सके।

इसके अलावा विधायक ने बिजली उपभोक्ताओं को जारी किए जा रहे भारी-भरकम बिलों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक सभी बकाया बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को मई 2026 में एक लाख से लेकर तीन लाख रुपये या उससे अधिक के बिजली बिल भेजे गए हैं, जिससे लोगों में भारी रोष और चिंता का माहौल है। विधायक ने कहा कि यह समस्या आम जनता से जुड़ी गंभीर समस्या है और सरकार को इसकी जांच कर उचित समाधान निकालना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को केवल वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल देना पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार दोनों मुद्दों पर जल्द सकारात्मक कदम उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story