सीएम से मिले कठुआ विधायक, स्वास्थ्य व आधारभूत ढांचे के मुद्दे उठाए
श्रीनगर, 28 जुलाई (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंगलवार सिविल सचिवालय श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर बाढ़ के बाद की स्थिति के प्रभावी प्रबंधन के लिए उनकी सराहना की।
बैठक में विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं, खेल एवं पुलों के विकास, बाढ़ सुरक्षा उपायों को मजबूत करने तथा शहरी ओबीसी वर्ग को चार वर्षों से मिल रहे लाभों से वंचित किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सात नए मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ की भारी कमी है जिससे मरीजों की देखभाल और पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा एनएमसी की मान्यता पर भी खतरा बन सकता है।
डॉ. भूषण ने गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के सेवा नियम जल्द लागू करने, मेडिकल कॉलेजों के लिए पूंजीगत व्यय बढ़ाने तथा कठुआ स्पोर्ट्स स्टेडियम के पुनर्विकास की मांग भी रखी। इसके अलावा जारई पुल के पुनर्निर्माण, कठुआ आईएसबीटी को चालू करने और बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए सुरक्षा कार्यों हेतु अतिरिक्त धनराशि देने की मांग की। उन्होंने जम्मू व श्रीनगर में विधायकों के लिए आवास कॉलोनियां स्थापित करने का भी सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

