जल है कल का संदेश लेकर आगे बढ़ा कठुआ-अमृत 2.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
जल है कल का संदेश लेकर आगे बढ़ा कठुआ-अमृत 2.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


कठुआ, 18 मार्च (हि.स.)। नगर परिषद कठुआ ने अमृत 2.0 के तहत “जल है कल सेव वाटर, सेव लाइफ” थीम पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति सचेत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को पानी के महत्व और उसके विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा।

यह कार्यक्रम शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय जम्मू के तत्वावधान में रेड एफएम के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेड एफएम की सराहना की और कहा कि इस तरह के प्रयास स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन और जल संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने वाले लोग समाज में जागरूकता फैलाने के “एंबेसडर” बनते हैं।

उन्होंने जल के समुचित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पानी बचाने के साथ-साथ अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखे। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के अभियान को जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान रेड एफएम के आरजे सारंग और उनकी टीम ने स्किट, मिमिक्री, टंग ट्विस्टर और शायरी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। विजेताओं को टी-शर्ट देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर नगर परिषद कठुआ के सीईओ पृथ्वी सांगड़ा, नगर परिषद बिलावर के ईओ वरिंदर पाल सिंह, पीएओ सहित जीएचएसएस गर्ल्स कठुआ के छात्र-छात्राएं और स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त द्वारा जल संरक्षण की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। साथ ही जल शक्ति विभाग कठुआ द्वारा आम जनता के लिए एक विशेष जल परीक्षण काउंटर भी स्थापित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story