तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान क्रियान्वयन में कठुआ जिला बना अव्वल, 81 प्रतिशत स्कोर हासिल

WhatsApp Channel Join Now
तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान क्रियान्वयन में कठुआ जिला बना अव्वल, 81 प्रतिशत स्कोर हासिल


कठुआ, 20 अप्रैल (हि.स.)। तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन में कठुआ जिला संभाग स्तर पर प्रथम स्थान पर रहा है। जिले ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वयं मूल्यांकन में 81 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।

यह उपलब्धि जम्मू में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान सामने आई, जिसका आयोजन स्वास्थ्य सेवा निदेशालय जम्मू द्वारा किया गया। कार्यशाला में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया। संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा गुरदेव कुमार ने कहा कि तंबाकू मुक्त संस्थान बनाना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं संयुक्त निदेशक (ईई) रोमी कुमार ने स्कूल स्तर पर निरंतर निगरानी और जागरूकता पर जोर दिया। कठुआ टीम का नेतृत्व जिला नोडल अधिकारी मोनिका खोसला ने किया, जिसमें जोनल नोडल अधिकारी सुनीता कुमारी, मीतू गुप्ता और अजय कुमार शामिल रहे। मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए 100 प्रतिशत तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान बनाने का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story