हरियाणा में दिल्ली-श्रीनगर बस पर पथराव का आरोप, बुजुर्ग यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू,, 18 अक्टूबर (हि.स.)।

दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस पर हरियाणा में पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री के घायल होने का दावा किया गया है। घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नाराजगी जताते हुए हरियाणा सरकार और पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, यह घटना हरियाणा में कुरुक्षेत्र के पास हुई बताई जा रही है। आरोप है कि कुछ लोगों ने जम्मू-कश्मीर नंबर की बस को निशाना बनाते हुए उस पर पत्थर फेंके, जिससे बस के शीशे टूट गए और अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा।

मामला उस समय चर्चा में आया जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता इमरान नबी डार ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने आरोप लगाया कि बस को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उसमें कश्मीरी यात्री सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया, जबकि बस में मौजूद परिवारों में डर का माहौल बन गया।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और पुलिस जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

वहीं, सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें बस के शीशे टूटे हुए और पीछे की लाइटें क्षतिग्रस्त दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। बस दिल्ली-श्रीनगर रूट पर चलने वाली स्टार वर्ल्ड वेंचर्स की बताई गई है।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस पर पथराव किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी। कश्मीरी यात्रियों को जानबूझकर निशाना बनाए जाने के आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मामले की पूरी सच्चाई सामने आने और संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763100 Articles

Share this story